Bridal Skincare Routine: शादी का दिन हर लड़की के लिए बहुत खास होता है. इस दिन सबसे ज्यादा नजरें दुल्हन के चेहरे पर ही टिकती हैं. ऐसे में शादी से पहले स्किन को लेकर टेंशन होना भी नेचुरल है. लेकिन चमकती स्किन के लिए जरूरी नहीं कि आप महंगे प्रोडक्ट्स की पूरी अलमारी खरीद लें. हमारी रसोई और ट्रेडिशनल इंडियन ब्यूटी रूटीन में मौजूद कुछ चीजें भी स्किनकेयर की शुरुआत का अच्छा बेस बन सकती हैं. उबटन, हल्दी, केसर, गुलाब और चंदन जैसी चीज़ें लंबे समय से भारतीय घरों में शादी से पहले इस्तेमाल होती रही हैं. खास बात ये है कि आज इन्हीं ट्रेडिशनल चीजों को मॉर्डन स्किनकेयर फॉर्मूलेशन के साथ भी यूज किया जा रहा है.
उबटन से करें शुरुआत
दुल्हन की तैयारी और उबटन का रिश्ता काफी पुराना है. शादी से पहले घर में उबटन की रस्म हो या चेहरे पर निखार के लिए इसका इस्तेमाल, भारतीय परिवारों में इसकी अपनी खास जगह रही है. उबटन में आमतौर पर हर्ब्स, अनाज और मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. हालांकि, इसे चेहरे पर लगाने से पहले अपनी स्किन को समझना जरूरी है. हर किसी की स्किन एक जैसी नहीं होती, इसलिए जो चीज एक को सूट करे, जरूरी नहीं कि वो दूसरे के लिए भी सही हो.

पीली और सफेद हल्दी
हल्दी का नाम आते ही पीली हल्दी याद आती है, लेकिन स्किन केयर में व्हाइट हल्दी का भी इस्तेमाल किया जाता है. रिपोर्ट के मुताबिक सफेद हल्दी को एंटीऑक्सीडेंट प्रोपर्टीज के लिए जाना जाता है. ये डलनेस, टैनिंग और अनइवन स्किन टोन जैसी प्रोब्लम्स के लिए इस्तेमाल की जाती है. इसका एक फायदा ये भी है कि ये नॉर्मल पीली हल्दी की तरह चेहरे पर येलो कलर नहीं छोड़ती. लेकिन शादी से ठीक पहले किसी नए इंग्रीडिएंट को पहली बार इस्तेमाल करने से बचना बेहतर है. दुल्हन बनने से पहले स्किन को नए एक्सपेरिमेंट्स की ‘लैब’ बनाना अच्छा आइडिया नहीं है.
मॉर्निंग रुटीन रखें सिंपल
ब्राइडल स्किनकेयर के लिए बहुत लंबा रुटीन जरूरी नहीं है. सुबह चेहरे को अच्छे क्लिंजर से साफ करें. इसके बाद स्किन के हिसाब से मॉइस्चराइज़र लगाएं. सबसे जरूरी बात, दिन में सनस्क्रीन को नजरअंदाज न करें. खासकर अगर टैनिंग या अनइवन स्किन टोन की समस्या है तो सनस्क्रीन रोजाना स्किन केयर रुटीन का हिस्सा होना चाहिए.

रात में स्किन को दें आराम
दिनभर मेकअप और धूल-मिट्टी के बाद रात में चेहरे की अच्छी तरह सफाई जरूरी है. सबसे पहले मेकअप हटाएं. इसके बाद अपनी स्किन के हिसाब से नाइट सीरम लगाएं. यानी रात का रुटीन फॉर्मूला सीधा है, चेहरा साफ करें, जरूरत के मुताबिक स्किन केयर करें और अच्छा मॉइस्चराइज़र या सीरम लगाकर सो जाएं.
ना करें ये बड़ी गलती
कई दुल्हनें शादी के कुछ दिन पहले अचानक कई फेशियल, स्क्रब, पील और नए प्रोडक्ट्स लगाना शुरू कर देती हैं. यही गलती कभी-कभी चेहरे पर गलत रिएक्शन की वजह बन सकती है. इसलिए किसी भी नए स्किन केयर प्रोडक्ट्स को पहले पैच टेस्ट करना बेहतर है. खासकर अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है. शादी से कुछ दिन पहले हार्ड स्क्रब या कोई अनजान रेमेडी ट्राई करने से बचना चाहिए. शादी से पहले अगर आप अपनी स्किन को टाइम दें, सिंपल रुटीन फॉलो करे और लास्ट मिटन एक्सपेरिमेंट्स से बचें, तो चेहरे के नेचुरल ग्लो को और निखारा जा सकता है.
Festive लुक में चार चांद लगाएंगी ये 6 एक्सेसरीज, चूड़ियों से लेकर बैग तक; हर चीज दिखाएगी स्टाइलिश
