Full Sleeve Blouse: अब फुल स्लीव्स लहंगे सिर्फ मजबूरी नहीं, बल्कि एक स्टाइल स्टेटमेंट हैं. ऐसे में विंटर वेडिंग सीजन में ठंड से समझौता न करें और फुल स्लीव ब्लाउज के साथ पार्टी में जलवा बिखेरें.
18 February, 2026
सर्दियों की शादियों का अपना ही एक अलग मैजिक होता है. वो हल्की ठंडी हवा, कोहरे वाली रातें, खूबसूरत सजावट और गर्मागर्म कॉफी का टाइम, सब कुछ किसी फिल्म सीन जैसा लगता है. लेकिन इस कमाल के माहौल के बीच सबसे बड़ा चैलेंज होता है फैशन वर्सेस ठंड का. खासकर अगर आप दुल्हन हैं या दुल्हन की सहेली, तो आपके मन में ये सवाल जरूर आता होगा कि बिना कंपकंपाए स्टाइलिश कैसे दिखें? ऐसे में इस सीजन का सबसे बड़ा ट्रेंड आपकी इस मुश्किल का हल लेकर आया है और वो है लहंगे के साथ फुल स्लीव्स ब्लाउज पहनना.

नया ट्रेंड
वैसे भी, वो दिन अब पुराने हो गए जब फैशन का मतलब कड़ाके की ठंड में कांपना होता था. आज के बड़े-बड़े डिजाइनर्स ने फुल स्लीव्स वाले ब्लाउज को इतना ग्लैमरस बना दिया है कि अब आपको हसीन दिखने के लिए स्किन दिखाने की जरूरत नहीं है. ये स्टाइल न सिर्फ आपको महारानी जैसा लुक देता है, बल्कि आपको विंटर सीज़न में कोज़ी भी रखता है.

हर दिल की पसंद
पिछले कुछ सालों में हमने देखा कि स्ट्रैपलेस और शॉर्ट स्लीव वाले ब्लाउज का काफी क्रेज था. लेकिन अब रॉयल और विंटेज लुक की फैशन में वापसी हो चुकी है, जिसने फुल स्लीव्स को फिर से सबकी पहली पसंद बना दिया है. अगर आप पुराने जमाने की रानियों और राजकुमारियों की तस्वीरें देखें, तो वो हैवी फुल स्लीव्स ब्लाउज़ या सूट पहनती थीं, जो उनकी खूबसूरती को बढ़ाते थे.

कंफर्ट और स्टाइल
सच तो ये है कि फोटो खिंचवाते हुए अगर आप ठंड से कांप रही हैं, तो चेहरे पर वो चमक नहीं आ पाती. ऐसे में फुल स्लीव्स ब्लाउज एक स्टाइलिश शील्ड की तरह काम करता है. चाहे ओपन स्पेस में फेरे हो रहे हों या किसी रूफटॉप पर कॉकटेल पार्टी, आपको बार-बार शॉल संभालने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
यह भी पढ़ेंः अपनी डिज़ाइनर साड़ियों के साथ पहने नेट के ब्लाउज, मिलेगा सादगी और ग्लैमर का परफेक्ट कॉम्बिनेशन

अलग-अलग पैटर्न
अब सिर्फ ब्लाउज के फ्रंट पर ही नहीं, बल्कि हाथों पर भी जरदोजी, मिरर वर्क और सीक्वेंस की शानदार कारीगरी की जा सकती है, जो आपके पूरे लुक को एक बेहतरीन फ्लो देती है.

सही फैब्रिक
सर्दियों के लहंगे में कपड़ा ही सब कुछ होता है. आपको ऐसा मटेरियल चाहिए जो बॉडी की गर्मी को अंदर रोके और दिखने में भी आलीशान लगे. ऐसे में मखमल यानी वेलवेट इस मौसम के लिए सबसे बेस्ट है. इसकी अपनी एक अलग चमक होती है जो तस्वीरों में बहुत खूबसूरत लगती है.

रॉ सिल्क
रॉ सिल्क फैब्रिक से बना लहंगा भी एक बढ़िया ऑप्शन है. यह थोड़ा मोटा होता है और भारी कढ़ाई को अच्छे से संभाल लेता है. अगर आप ज्यादा कढ़ाई नहीं चाहतीं, तो बनारसी ब्रोकेड चुनें.

स्टाइलिंग टिप्स
सिर्फ लहंगा खरीदना काफी नहीं है, उसे सही तरह से कैरी करना भी जरूरी है. फुल स्लीव्स में आपके हाथ ढके होते हैं, इसलिए ये ध्यान रखें कि आपका लुक बहुत ज्यादा हैवी न लगे. इसके लिए आप नेकलाइन के साथ एक्सपेरिमेंट कर सकती हैं. डीप वी-नेक या वाइड स्वीटहार्ट नेकलाइन फुल स्लीव्स के साथ बहुत अच्छी लगती हैं. इसके अलावा अगर सामने से आप पूरा ढका हुआ ब्लाउज पहन रही हैं, तो बैक डिजाइन को थोड़ा बोल्ड रख सकती हैं.

जूलरी का कमाल
फुल स्लीव्स के साथ जूलरी सोच-समझकर चुनें. कलाई पर दर्जनों चूड़ियां पहनने से बचें. इसकी जगह एक बड़ी स्टेटमेंट रिंग या खूबसूरत हाथ-फूल पहनें. गले को सिंपल रखते हुए आप बड़े साइज़ के झुमके या चांदबाली आपके चेहरे को शानदार फ्रेम दे सकती हैं.
यह भी पढ़ेंः स्टाइलिश, क्लासी और सुपर देसी; इन 6 देसी फैंसी सूटों के साथ अपने वॉर्डरोब को दें एक नया मेकओवर
