Mushtaq Khan Funeral: बॉलीवुड एक्टर मुश्ताक खान को शुक्रवार को मुंबई में अंतिम विदाई दी गई. उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में बॉलीवुड के कई कलाकार और फिल्म जगत से जुड़े लोग पहुंचे. एक्टर राजपाल यादव, संजय मिश्रा, मनीष वाधवा, शहजाद खान, जैद दरबार, कॉमेडियन सुनील पाल और फिल्ममेकर अनीस बज्मी समेत कई स्टा सितार्स ने मुश्ताक खान को श्रद्धांजलि दी. मुश्ताक खान ने गुरुवार को अंतिम सांस ली थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें कैंसर होने की जानकारी दी. बीमारी तेजी से बढ़ती गई और तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी हालत बिगड़ती चली गई.
बेटे ने बताया आखिरी दिनों का हाल
मुश्ताक खान के बेटे मोहसिन खान ने अपने पिता के आखिरी दिनों को याद करते हुए बताया कि, वो कैंसर से जूझ रहे थे और बीमारी बहुत तेजी से आगे बढ़ी. मोहसिन के मुताबिक, शुरुआत में कैंसर स्टेज वन पर था, लेकिन बाद में ये तेजी से बढ़ता गया. परिवार को भी स्थिति की गंभीरता का अंदाजा बहुत देर से हुआ. उन्होंने बताया कि उनके पिता के आखिरी पल फिर भी मुस्कुराते हुए गुजरे. मोहसिन ने कहा कि आखिरी बातचीत में उनके पिता काफी खुश थे और चेहरे पर मुस्कान थी. एक्टर ने अपनी जिंदगी और काम को लेकर संतोष जाहिर किया था.
आखिरी बातचीत
मोहसिन ने अपने पिता की आखिरी बातचीत को याद करते हुए बताया कि उन्होंने कहा था कि वो इस दुनिया में आकर बहुत खुश हैं. उन्होंने जितना काम किया, उन्हें उम्मीद थी कि वो लोगों तक पहुंचा और दर्शकों ने उसे पसंद किया. यही बात अब उनके परिवार के लिए सबसे बड़ी यादों में से एक बन गई है. मोहसिन के मुताबिक, अपने देश भारत में जन्म लेने और अपनी जिंदगी में मिले प्यार को लेकर मुश्ताक खान के मन में आखिरी वक्त तक गर्व था. उन्होंने लोगों से भी अपील की कि मुश्ताक खान को सिर्फ उनके निधन के लिए याद न किया जाए, बल्कि उनके काम के लिए जाना जाए.
Ranbir Kapoor का खूनी और रेट्रो अवतार! Love and War के पहले लुक ने बढ़ाया फिल्म का रोमांच
उनके डायलॉग याद करना
मोहसिन ने कहा कि ये परिवार के लिए दुख का समय जरूर है, लेकिन उनके पिता का काम आज भी लोगों के बीच जिंदा है. लोग उनके मशहूर डायलॉग और फिल्मों के किरदारों को याद कर रहे हैं, यही उनके लिए सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है. उन्होंने कहा कि मुश्ताक खान की जिंदगी संघर्ष, मेहनत और सफलता की कहानी रही है और परिवार चाहता है कि लोग उन्हें प्यार और मुस्कान के साथ याद करें.
आखिरी वक्त तक किया काम
मुश्ताक खान के बेटे ने ये भी बताया कि एक्टर के कई प्रोजेक्ट आने वाले थे. उन्होंने हाल ही में एक फिल्म पूरी की थी, जिसमें एक नए कलाकार के लॉन्च की बात बताई गई. इसके अलावा उनकी कई फिल्में, टीवी सीरियल और वेब सीरीज भी आने वाली हैं. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उम्र और हेल्थ चैलेंज के बावजूद मुश्ताक खान आखिरी समय तक काम करते रहे.
मिलने पहुंचे थे राजपाल
मोहसिन ने बताया कि मुश्ताक खान के साथी कलाकारों ने मुश्किल समय में परिवार का साथ दिया. एक्टर राजपाल यादव निधन से एक दिन पहले अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे थे. मोहसिन ने बताया कि, राजपाल यादव को देखकर उनके पिता काफी खुश हुए थे. इसके अलावा एक्टर अनुपम खेर ने भी फोन करके परिवार से बात की और उन्हें हिम्मत दी. मोहसिन ने अपने पिता के साथ काम करने वाले सभी कलाकारों और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों का आभार जताया. उन्होंने खास तौर पर दर्शकों को धन्यवाद दिया.
‘अल्बर्ट पिंटो…’ से शुरू हुआ सफर
मुश्ताक खान ने साल 1980 में फिल्म ‘अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है’ से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद 3 दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए. वो ‘वेलकम’, ‘गदर: एक प्रेम कथा’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे. कॉमेडी से लेकर सीरियस कैरेक्टर तक उन्होंने अपनी एक्टिंग का अलग रंग दिखाया. हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा याद किया जाता है फिल्म ‘वेलकम’ के किरदार और डायलॉग के लिए. फिल्म में उनका फेमस डायलॉग “मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी हूं” आज भी लोगों की जुबान पर रहता है. उनकी कॉमिक टाइमिंग और डायलॉग बोलने के अंदाज ने इस छोटे से किरदार को हिट बना दिया. मुश्ताक खान भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके निभाए किरदार, उनकी कॉमिक टाइमिंग और उनके यादगार डायलॉग दर्शकों के बीच लंबे समय तक जिंदा रहेंगे.
News Source: ANI
Aamir Khan को मिलेगा Screen Icon Award, 25 साल बाद फिर इंटरनेशनल मंच पर गूंजेगा ‘लगान’ का नाम!
