Abhla Embroidery: फैशन की दुनिया में ट्रेंड हर मौसम के साथ बदलते रहते हैं. कभी मिनिमल लुक का दौर आता है तो कभी हैवी एम्ब्रॉयडरी का. लेकिन कुछ फैशन ऐसे होते हैं जो कभी पूरी तरह गायब नहीं होते. वो समय-समय पर नए अंदाज में लौटते हैं और बार-बार लोगों का दिल जीत लेते हैं. ऐसी ही एक पारंपरिक इंडियन आर्ट है अभला एम्ब्रॉयडरी, जिसे आमतौर पर शीशा वर्क या मिरर वर्क के नाम से दुनियाभर में जाना जाता है. आज बॉलीवुड एक्ट्रेसेस से लेकर फैशन डिजाइनर्स तक हर कोई इस खूबसूरत कढ़ाई को अपने कलेक्शन का हिस्सा बना रहा है. लहंगे, साड़ी, कुर्ते, जैकेट, इंडो-वेस्टर्न ड्रेस, को-ऑर्ड सेट और यहां तक कि बैग और फुटवियर पर भी शीशा वर्क का शानदार इस्तेमाल देखने को मिल रहा है. इस आर्ट की सबसे बड़ी खासियत है कि ये पारंपरिक होने के बावजूद आज के मॉडर्न फैशन में पूरी तरह फिट बैठता है. ऐसे में आज जानते हैं कि आखिर क्या है अभला एम्ब्रॉयडरी? इसकी शुरुआत कैसे हुई और क्यों ये सदियों बाद भी फैशन की दुनिया में अपनी चमक बरकरार रखे हुए है.
क्या है अभला एम्ब्रॉयडरी
अभला एम्ब्रॉयडरी एक पारंपरिक भारतीय कढ़ाई की कला है. इसमें छोटे-छोटे गोल, चौकोर या अलग-अलग आकार के शीशों को रंग-बिरंगे धागों की मदद से कपड़े पर हाथ से लगाया जाता है. इन शीशों के चारों तरफ खूबसूरत कढ़ाई की जाती है, जिससे वो मजबूती से कपड़े में जड़ जाते हैं. जब इस तरह की कढ़ाई पर लाइट पड़ती है, तो हर छोटा शीशा चमक उठता है. यही वजह है कि शीशा वर्क वाले कपड़े दूर से ही लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लेते हैं. कहा जा सकता है कि ये आर्ट सिर्फ सजावट नहीं, बल्कि भारतीय हस्तकला की खूबसूरत पहचान भी है.

कहां से हुई शुरुआत
अभला एम्ब्रॉयडरी की जड़ें भारत के पश्चिमी राज्यों यानी गुजरात और राजस्थान में मानी जाती हैं. यहां के ग्रामीण इलाकों में महिलाएं सदियों से अपने पारंपरिक परिधानों पर हाथ से शीशा वर्क करती आ रही हैं.पुराने समय में माना जाता था कि कपड़ों पर लगे छोटे-छोटे शीशे नेगेटिव एनर्जी को वापस लौटा देते हैं. यही वजह थी कि इस कढ़ाई का इस्तेमाल सिर्फ खूबसूरती बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि पॉजिटिविटी और सुरक्षा के प्रतीक के रूप में भी किया जाता था. फिर धीरे-धीरे ये कला गांवों से निकलकर देश-विदेश में पहुंच गई. आज इसकी पहचान भारत की सबसे मशहूर टेक्सटाइल आर्ट्स में होती है.
2,600 फूलों की पंखुड़ियां, 12,000 मोती और 490 घंटे की मेहनत के बाद बना Ananya Panday का लहंगा
हर इलाके की अलग पहचान
दिलचस्प बात ये है कि गुजरात और राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में शीशा वर्क की अपनी अलग शैली देखने को मिलती है. कहीं कपड़े पर बहुत सारे छोटे शीशे लगाकर पूरी सतह को चमकदार बना दिया जाता है. कहीं शीशों का इस्तेमाल करके उनके आसपास रंगीन धागों से बहुत बारीक कढ़ाई की जाती है. कच्छ, सौराष्ट्र और राजस्थान के कई इलाकों की मिरर वर्क तकनीक आज भी दुनिया भर के फैशन डिजाइनर्स को प्रेरित करती है. यही वजह है कि हर क्षेत्र की अभला एम्ब्रॉयडरी अपने रंग, पैटर्न और डिजाइन के वजह से अलग होती है.
कैसे होती है तैयार?
अभला एम्ब्रॉयडरी जितनी सुंदर दिखती है, उसे तैयार करने में उतनी ही मेहनत और टाइम लगता है. सबसे पहले कारीगर कपड़े पर डिजाइन बनाते हैं. इसके बाद हर छोटे शीशे को उसकी सही जगह पर रखा जाता है. फिर रंगीन धागों की मदद से उसे बहुत सावधानी से हाथ से सिला जाता है. इससे शीशा मजबूती से अपनी जगह पर बना रहता है. शीशे के चारों तरफ चेन स्टिच, बटनहोल स्टिच, साटन स्टिच जैसी कई तरह की कढ़ाई की जाती है. ये प्रक्रिया पूरी तरह हाथ से होती है. ऐसे में एक ही आउटफिट तैयार करने में कई दिन या कई हफ्तों का समय भी लग जाता है. यही वजह है कि असली हैंडमेड शीशा वर्क की कीमत मशीन से बने डिजाइनों की तुलना में ज्यादा होती है.

किन कपड़ों में दिखता है मिरर वर्क?
पहले अभला एम्ब्रॉयडरी खासतौर से घाघरा-चोली, ओढ़नी, कुर्ती और ट्रेडिशनल आउटफिट्स तक सीमित थी. लेकिन समय के साथ इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि अब ये लगभग हर तरह के आउटफिट में दिखाई देती है. आजकल शीशा वर्क लहंगे और ब्राइडल आउटफिट के साथ-साथ साड़ी और ब्लाउज, अनारकली सूट, कुर्ता और दुपट्टा, इंडो-वेस्टर्न ड्रेस, को-ऑर्ड सेट, जैकेट, केप श्रग, काफ्तान, स्कर्ट और क्रॉप टॉप, हैंडबैग और क्लच, जूतियां और फुटवियर पर भी दिखाई देता है. यानी अगर आप अपने लुक में थोड़ा ग्लैमर जोड़ना चाहती हैं, तो शीशा वर्क हर तरह के आउटफिट में मौजूद है.
बॉलीवुड का कमाल
पिछले कुछ सालों में बॉलीवुड ने अभला एम्ब्रॉयडरी को फिर से सुर्खियों में ला दिया है. आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण, कियारा आडवाणी, जान्हवी कपूर, कृति सेनन, तारा सुतारिया, रकुल प्रीत सिंह, प्रियंका चोपड़ा और करीना कपूर जैसी कई हसीनाएं अलग-अलग मौकों पर मिरर वर्क वाले लहंगे, साड़ी और इंडो-वेस्टर्न ड्रेस पहन चुकी हैं. शादी, संगीत, मेहंदी, गरबा नाइट, दिवाली पार्टी और डेस्टिनेशन वेडिंग जैसे फंक्शन्स में मिरर वर्क आउटफिट्स सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं. कैमरे की रोशनी में इनकी चमक तस्वीरों को और भी शानदार बना देती है.
हर Silk Saree की अलग पहचान, जानें आपकी पर्सनैलिटी से कौन सी करेगी सबसे ज्यादा मैच
मॉडर्न फैशन बदला अंदाज?
समय के साथ फैशन डिजाइनर्स ने अभला एम्ब्रॉयडरी को बिल्कुल नए अंदाज में पेश किया है. अब भारी-भरकम मिरर वर्क की जगह हल्के और मिनिमल डिजाइन्स को ज्यादा पसंद किया जा रहा है. छोटे-छोटे मिरर के साथ पेस्टल रंग, सॉफ्ट फैब्रिक और मॉडर्न कट्स का इस्तेमाल किया जा रहा है. आजकल डिजाइनर्स मिरर वर्क को ओवरसाइज जैकेट, क्रॉप ब्लेजर, फ्लोई ड्रेसेस, इंडो-वेस्टर्न गाउन, फ्यूजन को-ऑर्ड सेट, स्टाइलिश श्रग और समर ड्रेसेसे में भी इस्तेमाल कर रहे हैं. यही वजह है कि ये ट्रेडिशनल आर्ट आज की यंग जेनेरेशन के बीच भी तेजी से पॉपुलर हो रही है.

हैंडमेड मिरर वर्क की खासियत
आज के समय में मशीन से बने डिजाइन आसानी से मार्केट में मिल जाते हैं. हालांकि, असली अभला एम्ब्रॉयडरी की बात अलग ही होती है. हर कारीगर अपने हाथों से अलग अंदाज में कढ़ाई करता है. इसलिए दो हैंडमेड आउटफिट कभी भी पूरी तरह एक जैसे नहीं होते. यही इस आर्ट की सबसे बड़ी खूबसूरती भी है. ऐसे में जब आप हैंडमेड मिरर वर्क वाला कोई आउटफिट खरीदते हैं, तो आप सिर्फ एक ड्रेस नहीं, बल्कि कई पीढ़ियों की मेहनत, हुनर और भारतीय हस्तकला की विरासत को अपने साथ लेकर आते हैं.
कैसे करें स्टाइल?
अगर आप पहली बार मिरर वर्क पहन रही हैं, तो कुछ आसान स्टाइलिंग टिप्स जरूर फॉलो करें-
हैवी मिरर वर्क के साथ हमेशा लाइट जूलरी पहनें.
सिंपल मेकअप और न्यूड टोन लुक चुनें, ये काफी ट्रेंड में है.
दिन के फंक्शन में पेस्टल कलर बेहतरीन लगते हैं.
रात की पार्टी में डार्क कलर वाला मिरर वर्क आउटफिट शानदार लगता है.
अगर पूरा आउटफिट नहीं पहनना चाहते, तो मिरर वर्क जैकेट या दुपट्टा भी स्टाइलिश आप्शन हो सकता है. आप इसे जींस या शरारा के साथ स्टाइल कर सकती हैं.
इंडो-वेस्टर्न लुक के लिए मिरर वर्क टॉप को जींस या प्लेन पैंट के साथ भी पहना जा सकता है.
भारत की विरासत
अभला एम्ब्रॉयडरी की सबसे बड़ी खूबी यही है कि ये सिर्फ एक फैशन ट्रेंड नहीं, बल्कि भारत की खूबसूरत सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है. हर छोटा शीशा, हर रंगीन धागा और हर बारीक टांका उन कारीगरों की मेहनत और कला की कहानी सुनाता है, जिन्होंने पीढ़ियों से इस परंपरा को जिंदा रखा है. आज जब लोग फास्ट फैशन की बजाय टिकाऊ और हाथ से बने कपड़ों को पसंद कर रहे हैं, तब अभला एम्ब्रॉयडरी पहले से कहीं ज्यादा काम की लगती है. ये हमें याद दिलाती है कि फैशन सिर्फ कुछ नया पहनने का नाम नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़े रहने का भी एक खूबसूरत तरीका है. ऐसे में अगर आप अपने वॉर्डरोब में ऐसा आउटफिट शामिल करना चाहती हैं जो ट्रेडिशनल भी हो, मॉर्डन भी दिखे और हर मौके पर आपको सबसे अलग भी दिखाए, तो अभला एम्ब्रॉयडरी यानी मिरर वर्क से बेहतर ऑप्शन शायद ही कोई दूसरा हो. सदियों पुरानी ये आर्ट आज भी उतनी ही चमकदार है, जितनी अपने जन्म के समय थी. यही इसकी सबसे बड़ी खूबसूरती है.
रोज पहनने के लिए बेस्ट हैं ये 6 लेटेस्ट Gold Bali Designs, हर दिन को दें स्टाइल का नया ट्विस्ट

मिरर वर्क से जुड़े सवाल
अगर आपको शीशा वर्क या अभला एम्ब्रॉयडरी पसंद है, तो इससे जुड़े कुछ सवाल आपके मन में भी जरूर आए होंगे.
भारत की पारंपरिक कढ़ाई कौन-कौन सी हैं?
भारत अपनी हस्तकला और पारंपरिक कढ़ाई के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है. अलग-अलग राज्यों की अपना खास एम्ब्रॉयडरी स्टाइल है. इनमें मिरर वर्क, चिकनकारी, कांथा, फुलकारी, कशीदा और जरदोजी जैसी कढ़ाइयां सबसे लोकप्रिय हैं. हर शैली की अपनी अलग पहचान, डिजाइन और तकनीक होती है, जो इंडियन आउटफिट्स को खास बनाती है.
मिरर वर्क के लिए कौन-सा शहर सबसे ज्यादा फेमस है?
अगर भारत में मिरर वर्क की बात की जाए, तो गुजरात का कच्छ सबसे फेमस माना जाता है. यहां के कारीगर अपनी बारीक हाथ की कढ़ाई, रंग-बिरंगे धागों और खूबसूरत मिरर वर्क के लिए दुनियाभर में जाने जाते हैं. कच्छ की पारंपरिक कला आज बड़े फैशन डिजाइनर्स और इंटरनेशनल फैशन ब्रांड्स को भी प्रेरित कर रही है. यहां तैयार किए गए मिरर वर्क वाले कपड़े, बैग और एक्सेसरीज़ अपनी शानदार कारीगरी और डिजाइन्स के लिए खास पहचान रखते हैं. अगर आप भारतीय हस्तकला और पारंपरिक फैशन को करीब से जानना चाहते हैं, तो मिरर वर्क की ये खूबसूरत आर्ट जरूर आपकी फेवरेट लिस्ट में शामिल हो जाएगी.
फैशन की दुनिया में छाया Handloom का जादू! ये 6 फैब्रिक बना देंगे आपका लुक भी धांसू!
