August Travel List: बारिश का मौसम सिर्फ चाय और पकौड़ों का ही नहीं, बल्कि घूमने-फिरने का भी सबसे खूबसूरत समय होता है. अगस्त आते ही भारत की वादियां हरी-भरी चादर ओढ़ लेती हैं. देशभर के खूबसूरत झरने पूरे जोश में बहने लगते हैं. साथ ही पहाड़ों पर तैरते बादल किसी फिल्मी नजारे जैसा फील देने लगते हैं. ऐसे में अगर आप भी इस मानसून घर से बाहर निकलकर प्रकृति के बीच कुछ सुकून के पल बिताना चाहते हैं, तो भारत में ऐसी कई जगहें हैं जो अगस्त में अपनी सबसे खूबसूरती के पीक पर होती हैं. खास बात ये है कि इस मौसम में कई जगहों पर टूरिस्टों की भीड़ भी कम होती है, क्योंकि बच्चों की छुट्टियां खत्म हो चुकी होती हैं. ऐसे में सफर और भी आरामदायक बन जाता है. वहीं, अगर आप भी बारिश के मौसम को यादगार बनाना चाहते हैं, तो आपके लिए भारत के 10 ऐसे शानदार डेस्टिनेशन्स की लिस्ट लेकर आए हैं, जहां अगस्त में घूमने का मजा दोगुना हो जाता है.
वैली ऑफ फ्लावर्स, उत्तराखंड
देवभूमि उत्तराखंड मानसून के सीजन में और ज्यादा खूबसूरत लगने लगती है. उत्तराखंड की वैली ऑफ फ्लावर्स बारिश के मौसम में किसी जादुई दुनिया से कम नहीं लगती. यूनेस्को विश्व धरोहर लिस्ट में शामिल ये घाटी अगस्त के महीने में हजारों रंग-बिरंगे जंगली फूलों से भर जाती है. दूर-दूर तक फैले गुलाबी, नीले, बैंगनी, पीले और सफेद फूलों के बीच चलना किसी खूबसूरत फिल्मी सीन जैसा लगता है. इसके अलावा ट्रेकिंग पसंद करने वालों के लिए ये जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है. यहां आने वाले लोग हेमकुंड साहिब की यात्रा भी करते हैं. वहीं, बात करें खाने की तो, यहां आकर जोशीमठ और गोविंदघाट में आपको गढ़वाली व्यंजन जैसे काफुली, आलू के गुटके, झंगोरे की खीर और मंडुवे की रोटी का स्वाद जरूर लेना चाहिए. यहां पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी देहरादून का जॉली ग्रांट एयरपोर्ट है. वहीं, अगर आप ट्रेन से आना चाहते हैं तो, नजदीकी रेलवे स्टेशन ऋषिकेश और हरिद्वार हैं. यहां से सड़क के रास्ते आसानी से गोविंदघाट पहुंचा जा सकता है. इसके बाद करीब 16 किलोमीटर का ट्रेक करके आप वैली ऑफ फ्लावर्स के खूबसूरत नज़ारों का मज़ा ले सकते हैं.

मुन्नार, केरल
केरल का मुन्नार अगस्त में बादलों की चादर में लिपटा कुछ ज्यादा ही रोमांटिक दिखता है. यहां चारों तरफ फैले चाय के खूबसूरत बागान, पहाड़ों से गिरते झरने और ठंडी हवाएं पूरे माहौल को खास बना देती हैं. एराविकुलम नेशनल पार्क, मट्टुपेट्टी डैम और टी म्यूजियम मुन्नार के सबसे बड़े टूरिस्ट स्पॉट्स हैं. अगर आप मुन्नार जा रहे हैं तो, वहां केरल का पारंपरिक ‘सद्या’, अप्पम-स्टू, पुट्टू-कडला करी और ताजी इलायची वाली चाय का स्वाद लेना बिल्कुल मत भूलिएगा. बात करें ट्रेवलिंग की तो, यहां पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी एयरपोर्ट कोच्चि है. ये मुन्नार से लगभग 110 किलोमीटर दूर है. एयरपोर्ट से टैक्सी और बस की सुविधाएं आसानी से मिल जाती हैं. इसके अलावा ट्रेन से सफर करना है तो, एर्नाकुलम रेलवे स्टेशन सबसे नजदीक है. इस रेलवे स्टेशन से भी टैक्सी और बस आसानी से मिल जाती है.
ना दोस्त, ना फैमिली, फिर भी फुल ऑन मजा! ये हैं Solo Travel के लिए दुनिया की 10 सबसे शानदार जगह
कूर्ग, कर्नाटक
कर्नाटक का कूर्ग बारिश के मौसम में अपनी असली खूबसूरती दिखाता है. कॉफी के बागान, घने जंगल और ऊंचाई से गिरते झरने हर नेचर लवर का दिल जीत लेते हैं. यहां की हर सुबह कॉफी की खुशबू और ठंडी हवा के साथ शुरू होती है. एबी फॉल्स, दुबारे एलिफेंट कैंप और राजा सीट कूर्ग की सबसे लोकप्रिय जगहें हैं. आप कूर्ग जाकर स्थानीय कूर्गी पांडी करी, बांस की करी, अक्की रोटी और फिल्टर कॉफी का स्वाद लेना न भूलें. इन चीज़ों का आनंद लेने के लिए हर साल इस जगह हज़ारों लोग पहुंचते हैं. वैसे, यहां पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी एयरपोर्ट मैंगलुरु और मैसूर हैं. इसके अलावा मैसूर रेलवे स्टेशन भी यहां पहुंचने के लिए अच्छा ऑप्शन है. रेलवे स्टेशन से सड़क के रास्ते लगभग 3 घंटे में कूर्ग पहुंचा जा सकता है.

उदयपुर, राजस्थान
राजस्थान का उदयपुर बारिश के बाद और भी ज्यादा खूबसूरत हो जाता है. झीलों में लबालब पानी, हरियाली और ठंडी हवा इस शहर को मानसून में घूमने के लिए सबसे शानदार बना देती है. पिछोला झील में बोट राइडिंग करना, सिटी पैलेस की खूबसूरती को निहारना और सज्जनगढ़ से सूर्यास्त का नजारा देखना, हर किसी को पसंद आता है. इसके अलावा आप उदयपुर जाएं और राजस्थानी खाने की बात ना हो, ये कैसे हो सकता है? ऐसे में यहां आकर दाल-बाटी-चूरमा, गट्टे की सब्जी, कचौरी और घेवर का स्वाद जरूर लें. अगर आप अगस्त के महीने में उदयपुर घूमने का मन बना रहे हैं, तो महाराणा प्रताप एयरपोर्ट देश के कई शहरों से जुड़ा हुआ है. इसके अलावा उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन भी बेहतरीन कनेक्टिविटी देता है.
चेरापूंजी, मेघालय
जिन लोगों को बारिश बहुत पसंद है, उनके लिए मेघालय का चेरापूंजी किसी जन्नत से कम नहीं है. दुनिया के सबसे ज्यादा बारिश वाली जगहों में शामिल चेरापूंजी इस मौसम में सबसे खूबसूरत लगता है. नोहकालिकाई फॉल्स, सेवन सिस्टर्स फॉल्स, मावस्माई गुफाएं और लिविंग रूट ब्रिज यहां की खास पहचान हैं. यहां लोकल खासी खाना जैसे जादोह, टुंगरिम्बाई और स्मोक्ड मीट काफी फेमस है. अगर आप यहां जा रहे हैं, तो इन चीज़ों का आनंद जरूर लें. चेरापूंजी पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी एयरपोर्ट शिलॉन्ग और गुवाहाटी हैं. गुवाहाटी से सड़क के रास्ते लगभग 5 घंटे में चेरापूंजी पहुंचा जा सकता है.
जीरो वैली, अरुणाचल प्रदेश
अरुणाचल प्रदेश की जीरो वैली उन लोगों के लिए बेहतरीन जगह है जो भीड़भाड़ से दूर सुकून भरी छुट्टियां बिताना चाहते हैं. हरे-भरे धान के खेत, चीड़ के जंगल और अपातानी जनजाति की संस्कृति इस जगह की सबसे बड़ी पहचान हैं. यहां का खाना टूरिस्टों को अपनी तरफ खींचता है. यहां का लोकल खाना जैसे थुकपा, मोमोज, स्मोक्ड पोर्क और बांस की कोपलों से बनी डिश का स्वाद लेने का अपना ही अलग मज़ा है. यहां पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी एयरपोर्ट असम का लीलाबाड़ी है. वहीं, अगर आप ट्रेन से सफर करना चाहते हैं, तो नाहरलगुन रेलवे स्टेशन सबसे पास पड़ता है. रेलवे स्टेशन से सड़क के रास्ते आसानी से जीरो वैली पहुंचा जा सकता है.

पहलगाम, जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर का पहलगाम अगस्त में किसी पोस्टकार्ड जैसा खूबसूरत दिखाई देता है. लिद्दर नदी, देवदार के जंगल, हरे मैदान और ठंडी हवा यहां आने वाले हर टूरिस्ट का दिल जीत लेते हैं. बेटाब वैली, आरू वैली और बैसारन यहां के सबसे पॉपुलर टूरिस्ट स्पॉट हैं. यहां पहुंचकर आप कश्मीरी वाजवान, रोगन जोश, कहवा और दम आलू का स्वाद जरूर लें. अगर आप पहलगाम पहुंचना चाहते हैं तो, श्रीनगर एयरपोर्ट यहां का सबसे नजदीकी हवाई अड्डा है. एयरपोर्ट से लगभग ढाई घंटे में सड़क के रास्ते पहलगाम पहुंचा जा सकता है.
पचमढ़ी, मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश का पचमढ़ी, जिसे सतपुड़ा की रानी भी कहा जाता है, मानसून में और भी खूबसूरत हो जाता है. यहां के झरने, गुफाएं और घने जंगल बारिश के बाद जिंदी हो उठते हैं. बी फॉल्स, धूपगढ़, जटाशंकर गुफा और पांडव गुफाएं यहां की सबसे खास जगहें हैं. लोकल फूड में पोहा-जलेबी, दाल-बाफला, भुट्टे का कीस और मावा-बाती का स्वाद जरूर लें. पचमढ़ी पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन पिपरिया है. यहां से करीब 50 किलोमीटर सड़क का सफर करके पचमढ़ी पहुंचा जा सकता है.
भारत में बाघों को जंगल में देखना चाहते हैं? इन 6 Tiger Reserve का सफर आपकी ट्रिप बना देगा यादगार
गोवा
गोवा को लोग अक्सर सिर्फ सर्दियों में घूमने लायक मानते हैं, लेकिन मानसून में यहां का अलग ही रूप देखने को मिलता है. शांत और खूबसूरत बीच, हरी-भरी पहाड़ियां, दूधसागर और छोटे-छोटे कैफे बारिश के मौसम में बहुत ही प्यारे लगते हैं. गोवा आकर गोअन फिश करी, प्रॉन बालचाओ, बेबिंका और फेनी खाना टूरिस्टों को काफी ज्यादा पसंद आता है. गोवा पहुंचने के लिए डाबोलिम और मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट सबसे बढ़िया ऑप्शन है. इसके अलावा ट्रेन से जाने वालों के लिए भी खूब सुविधा है. मडगांव और थिविम रेलवे स्टेशन से भी आप आसानी से गोवा पहुंच सकते हैं.

डेरिंगबाड़ी, ओडिशा
ओडिशा का डेरिंगबाड़ी, जिसे ‘ओडिशा का कश्मीर’ कहा जाता है, मानसून में और भी शानदार लगने लगता है. चीड़ के जंगल, कॉफी के बागान, झरने और ठंडी हवाएं इसे नेचर लवर्स का पसंदीदा ठिकाना बनाती हैं. डेरिंगबाड़ी आकर ओडिया थाली, दालमा, छेना पोड़ा, पखाला भात और रसाबली जैसे पारंपरिक खाने का स्वाद जरूर लें. इस जगह पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी एयरपोर्ट भुवनेश्वर है. एयरपोर्ट से आपको टैक्सी और बसों की सुविधा आराम से मिल जाएंगी. इसके अलावा ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन यहां से नजदीक पड़ता है. स्टेशन से सड़क के रास्ते आसानी से डेरिंगबाड़ी पहुंचा जा सकता है.
परफेक्ट ऑप्शन
अगर आप अगस्त के महीने में घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो इन 10 जगहों में से किसी एक को चुन सकते हैं. कहीं फूलों से सजी घाटियां आपका इंतजार कर रही हैं, तो कहीं झरनों की गूंज, पहाड़ों की ठंडी हवा और लोकल खाने का स्वाद आपकी यात्रा को सचमुच यादगार बना देंगे. हालांकि, घूमने जाने से पहले मौसम की जानकारी लेना बिल्कुल ना भूलें. इसके अलावा अपने साथ रेनकोट और वाटरप्रूफ जूते रखें. इन छोटी-छोटी चीज़ों का ध्यान रखने से आपकी कोई भी ट्रिप आसान बन जाती है.
