Home पर्यटन अक्टूबर में घूमने का है प्लान? इन 8 Offbeat जगहों पर मिलेगा मौसम, पहाड़, महल और समंदर का कॉम्बो

अक्टूबर में घूमने का है प्लान? इन 8 Offbeat जगहों पर मिलेगा मौसम, पहाड़, महल और समंदर का कॉम्बो

by Preeti Pal 25 September 2026, 6:48 PM IST
25 September 2026, 6:48 PM IST
अक्टूबर में घूमने का है प्लान? इन 8 Offbeat जगहों पर मिलेगा मौसम, पहाड़, महल और समंदर का परफेक्ट कॉम्बिनेशन

Offbeat Indian Destinations: अक्टूबर आते ही भारत का मौसम करवट लेने लगता है. बारिश की उमस धीरे-धीरे कम होती है, आसमान साफ होने लगता है और कई जगहों पर हल्की ठंड दस्तक देने लगती है. यही वजह है कि अक्टूबर को भारत में घूमने के लिए सबसे शानदार महीनों में गिना जाता है. खास बात ये है कि इस महीने आपको अपने ही देश में अलग-अलग तरह के ट्रैवल एक्सपीरियंस मिल सकते हैं. कहीं पहाड़ों पर सुनहरी पत्तियां आपका स्वागत करती हैं, कहीं झीलों में महलों की परछाइयां दिखाई देती हैं, तो कहीं समंदर का नीला पानी छुट्टियों को बिल्कुल पोस्टकार्ड जैसा बना देता है. अगर आप हर बार दिल्ली, मुंबई, जयपुर, गोवा या मनाली जैसे फेमस ठिकानों पर जाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ अलग ट्राई कीजिए. अक्टूबर में भारत की इन 8 जगहों को अपनी ट्रेवल लिस्ट में शामिल करके आप अपनी छुट्टी का मज़ा डबल कर सकते हैं.

जम्मू-कश्मीर

जम्मू-कश्मीर को किसी खास मौसम की जरूरत नहीं होती, लेकिन अक्टूबर में इसकी खूबसूरती का अंदाज ही अलग होता है. मानसून के बाद हवा साफ रहती है और पहाड़ों के नजारे ज्यादा क्लियर हो जाते हैं. श्रीनगर की तरफ जाएं तो डल झील पर शिकारा राइड अक्टूबर की छुट्टियों को खास बना सकती है. गर्मियों की तुलना में यहां अक्टूबर का मौसम ज्यादा कंफर्टेबल रहता है और झील के आसपास का माहौल भी ज्यादा शांत लगता है. श्रीनगर के मुगल गार्डन, निशात बाग और शालीमार बाग घूमने के साथ शहर की लोकल संस्कृति को करीब से महसूस किया जा सकता है. आसपास के इलाकों में पेड़ों के पत्ते हरे से पीले और सुनहरे रंग में बदलने लगते हैं, जिससे पूरा लैंडस्केप बहुत खूबसूरत लगता है. अगर आपके पास ज्यादा टाइम है तो, गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग की तरफ भी जा सकते हैं. हालांकि, पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए गर्म कपड़े साथ रखना समझदारी होगी.

किसके लिए? कपल्स, फैमिली, फोटोग्राफी और पहाड़ पसंद करने वालों के लिए जम्मू कश्मीर एक बेहतरीन जगह है.

भारत की ये 5 झीलें नहीं देखीं तो क्या देखा! खूबसूरती ऐसी कि तस्वीरें देखते ही घूमने का मन करेगा

उदयपुर

राजस्थान की गर्मी से परेशान होने के बाद अक्टूबर का मौसम उदयपुर को घूमने के लिए और बेहतर बना देता है. झीलों, महलों और राजसी वास्तुकला के लिए मशहूर उदयपुर अक्टूबर में एक शानदार हेरिटेज गेटवे बन सकता है. लेक पिछोला पर बोट राइड इसका सबसे खास एक्सपीरियंस है. पानी में दिखाई देते सिटी पैलेस और आसपास की पहाड़ियों के सीन खासकर शाम के टाइम बहुत ज्यादा खूबसूरत लगते हैं. सिटी पैलेस, जगदीश मंदिर, सज्जनगढ़ पैलेस और बागोर की हवेली जैसी जगहों को भी अपनी जर्नी में शामिल कर सकते हैं. पुराने शहर की गलियों में घूमते हुए लोकल हस्तशिल्प, कपड़े, जूलरी और राजस्थानी खाने का मजा लेना भी ट्रिप को यादगार बना सकता है. शाम को झील किनारे बैठकर सनसेट देखना और रात में रोशनी से जगमगाते महलों को निहारना आप जिंदगी भर नहीं भूलेंगे.

किसके लिए? कपल्स, फैमिली, हिस्ट्री लवर्स और फोटोग्राफी पसंद करने वालों के लिए उदयपुर परफेक्ट डेस्टिनेशन है.

मैसूर

कर्नाटक का मैसूर अक्टूबर में और ज्यादा खूबसूरत लगने लगता है. इस दौरान शहर में त्योहारों और खासकर दशहरा सेलिब्रेशन की वजह से अलग ही रौनक देखने को मिलती है. मैसूर पैलेस इस जगह की सबसे बड़ी पहचान है. शाम के टाइम जब महल रोशनी से जगमगाता है, तो इसका नजारा देखने लायक होता है. शहर के बाजार, लोकल मिठाइयां और पारंपरिक संस्कृति भी वहां जाने वाले टूरिस्टों को अपनी तरफ खींचती है. इसके अलावा चामुंडी हिल्स, बृंदावन गार्डन्स और सेंट फिलोमेना चर्च जैसी जगहों को भी देखा जा सकता है. अक्टूबर के महीने में यहां का मौसम घूमने के लिए अच्छा है. शहर में पैदल घूमने और अलग-अलग टूरिस्ट स्पॉट्स को एक्सप्लोर करने के लिए ये टाइम परफेक्ट है.

किसके लिए? परिवार, हिस्ट्री लवर्स और फेस्टिव माहौल पसंद करने वाले टूरिस्टों के लिए मैसूर बढ़िया जगह है.

केरल

केरल को भगवान का अपना देश कहा जाता है और अक्टूबर में मानसून के बाद इसका प्राकृतिक रूप और भी खूबसूरत हो जाता है. हरियाली से भरे बैकवाटर्स, नारियल के पेड़, चाय के बागान और शांत वातावरण इसे रिलैक्सिंग हॉलीडे के लिए शानदार जगह बनाते हैं. अलप्पुझा में हाउसबोट पर रुकना यहां का सबसे फेमस और यादगार एक्सपीरियंस होता है. पानी के बीच धीरे-धीरे आगे बढ़ती नाव, आसपास के गांव और हरियाली आपको शहर की भागदौड़ से काफी दूर ले जाती है. कुमारकोम भी बैकवाटर और नेचर लवर्स के लिए अच्छा ऑप्शन है. वहीं, अगर आपको पहाड़ और ठंडी हवा पसंद है तो मुन्नार का रुख किया जा सकता है. यहां चाय के बागानों के बीच घूमना और पहाड़ी नजारों का आनंद लेना बेहतरीन एक्सपीरियंस बन जाता है. केरल ट्रिप में लोकल खाना जरूर ट्राई करें. केले के पत्ते पर परोसा जाने वाली ट्रेडिशनल डिश आपकी जर्नी के स्वाद को भी यादगार बना सकती है.

किसके लिए? कपल्स, परिवार, वेलनेस और नेचर लवर्स के लिए केरल शानदार जगह है.

भारत में सबसे पहले कहां निकलता है सूरज? ये छोटा सा गांव देता है सुबह अद्भुत नजारा, जानें कैसे और कब पहुंचे

अंडमान-निकोबार

अगर पहाड़ और महल आपको अट्रैक्ट नहीं करते या आपक मन सीधे समंदर की तरफ भागता है, तो अक्टूबर में घूमने के लिए अंडमान-निकोबार शानदार ऑप्शन है. मानसून के बाद मौसम बेहतर होने के साथ समंदर भी शांत नजर आता है. साफ पानी, खूबसूरत समंदर और हरियाली इसे बीच हॉलीडे के लिए सबसे बढ़िया जगह बनाते हैं. पोर्ट ब्लेयर के अलावा हैवलॉक आइलैंड यानी स्वराज द्वीप और नील आइलैंड यानी शहीद द्वीप भी घूमा जा सकता है. स्नॉर्कलिंग, स्कूबा डाइविंग, बोट राइड और आइलैंड हॉपिंग करना आपकी छुट्टियों में एडवेंचर का तड़का लगा सकता है. हालांकि, बीच वेकेशन की प्लानिंग बनाते हुए मौसम को ध्यान में रखना बहुत जरूरी होता है. वैसे, जो लोग बस समंदर के किनारे बैठकर किताब पढ़ना चाहते हैं, उनके लिए भी अंडमान शानदार है. यानी यहां एडवेंचर और रिलैक्सेशन दोनों का कॉम्बिनेशन मिल जाता है. अच्छी बात ये है कि आपको यहां ज्यादा भीड़ भाड़ भी नहीं मिलती.

किसके लिए? कपल्स, दोस्तों के ग्रुप, बीच लवर्स और एडवेंचर लवर्स के लिए अंडमान निकोबार गजब की जगह है.

जीरो, अरुणाचल प्रदेश

अगर आपकी छुट्टी का मतलब है मोबाइल थोड़ा साइड में रखना, शांति महसूस करना और प्रकृति के करीब जाना, तो अरुणाचल प्रदेश का जीरो आपकी पसंद बन सकता है. जीरो अपनी हरी-भरी घाटियों, पहाड़ियों, चावल के खेतों और स्थानीय जनजातीय संस्कृति के लिए जाना जाता है. अक्टूबर में मौसम कई आउटडोर एक्टीविटीज के लिए भी ये जगह अच्छी है. यहां गांवों के आसपास घूमना, स्थानीय संस्कृति को समझना और शांत वातावरण में टाइम बिताना अपने आप में एक अलग तरह का एक्सपीरियंस होता है. जीरो उन टूरिस्टों के लिए खास है जो बड़े शहरों की भीड़ और बहुत पॉपुलर टूरिस्ट स्पॉट से थोड़ा ब्रेक लेना चाहते हैं. यहां घूमते हुए स्थानीय नियमों, परमिट और ट्रांसपोर्ट की जानकारी पहले से लेना अच्छा रहता है, क्योंकि पूर्वोत्तर के कई इलाकों में ट्रेवल अरेंजमेंट बाकी पॉपुलर टूरिस्ट प्लेसों से अलग हो सकती है.

किसके लिए? नेचर लवर्स, स्लो ट्रेवलर्स और ऑफबीट डेस्टिनेशन्स पसंद करने वालों को ये जगह जरूर पसंद आएगी.

हम्पी

कर्नाटक का हम्पी हिस्ट्री और फोटोग्राफी पसंद करने वालों के लिए किसी खुली किताब जैसा है. विजयनगर साम्राज्य के प्राचीन अवशेष, विशाल पत्थर, मंदिर और पुराने बाजार इस जगह को बाकी टूरिस्ट प्लेसों से बिल्कुल अलग बनाते हैं. अक्टूबर में गर्मी कम होने लगती है, इसलिए वहां घूमना ज्यादा कंफर्टेबल हो जाता है. विरुपाक्ष मंदिर, विट्ठल मंदिर, स्टोन चैरियट और आसपास के प्राचीन स्मारक यहां के सबसे बड़े अट्रैक्शन हैं. हम्पी का लैंडस्केप भी बहुत खास है. विशाल चट्टानों के बीच बने प्राचीन मंदिर इसे फोटोग्राफी के लिए शानदार जगह बनाती हैं. सुबह जल्दी निकलकर घूमना अच्छा ऑप्शन हो सकता है, क्योंकि इससे धूप से बचते हुए ज्यादा जगहें देखी जा सकती हैं.

भारत की 7 खूबसूरत जगहें, जहां जाना है बिल्कुल मना; इनमें से कितनों के बारे में जानते हैं आप?

किसके लिए? हिस्ट्री लवर्स, फोटोग्राफर, बैकपैकर्स और आर्किटेक्चर लवर्स के लिए भी ये जगह काफी ज्यादा अच्छी है.

मांडू

अगर आप ऐसी जगह ढूंढ़ रहे हैं जहां इतिहास भी हो, खूबसूरत वास्तुकला भी और भीड़ भी कम मिले, तो मध्य प्रदेश का मांडू आपके लिए शानदार ऑप्शन हो सकता है. मानसून के बाद अक्टूबर में मांडू का आसपास का इलाका हरियाली से भर जाता है. पहाड़ी पर बना ऐतिहासिक शहर अपने महलों, मकबरों, दरवाजों और पुराने स्मारकों के लिए जाना जाता है. जहाज महल, हिंडोला महल, होशंग शाह का मकबरा और रानी रूपमती मंडप जैसी ऐतिहासिक जगहें यहां की जर्नी को खास बनाती हैं. वैसे, मांडू की खूबसूरती सिर्फ इमारतों में नहीं है. यहां की शांत सड़कों, हरियाली और आर्किटेक्चर के बीच घूमता है. मांडू में इन सब जगहों के बीच ऐसा महसूस होता है जैसे आप किसी दूसरे दौर में पहुंच गए हों. अगर आप हिस्ट्री के साथ थोड़ा स्लो ट्रेवल करना चाहते हैं, तो मांडू आपको निराश नहीं करेगा.

किसके लिए? इतिहास प्रेमी, कपल्स, फोटोग्राफर्स और शांत छुट्टी बिताने वाले लोगों के लिए मांडू एकदम बढ़िया जगह है.

इन बातों का रखें ध्यान

अक्टूबर में घूमने के लिए मौसम आमतौर पर अच्छा रहता है, लेकिन भारत के अलग-अलग हिस्सों में सिचुएशन अलग हो सकती हैं. इसलिए प्लानिंग से पहले मौसम की जानकारी लेना अच्छा रहता है. पहाड़ी इलाकों के लिए हल्के गर्म कपड़े रखें. वहीं, दक्षिण भारत और बीच हॉलीडी के लिए हल्के कपड़े ज्यादा अच्छे रहेंगे. अक्टूबर में कई जगहों पर फेस्टिवल सीजन भी शुरू हो जाता है, इसलिए होटल और ट्रांसपोर्ट की बुकिंग पहले करना बेहतर होता है. ऑफबीट जगहों पर जाते हुए लोकल ट्रांसपोर्ट, परमिट, सड़क की हालत और मोबाइल नेटवर्क जैसी चीजों की जानकारी पहले से रखना भी जरूरी है. एक और जरूरी बात, घूमने का मतलब सिर्फ ज्यादा से ज्यादा जगहें देखना नहीं है. कई बार किसी छोटे शहर की एक शांत शाम, पहाड़ी गांव में चाय का कप या झील किनारे बिताया गया एक घंटा पूरी छुट्टी की सबसे खूबसूरत याद बन जाता है.

अक्टूबर ट्रेवल लिस्ट

अक्टूबर भारत घूमने का ऐसा टाइम है जिसमें मौसम भी साथ देता है और नेचर भी. जम्मू-कश्मीर के सुनहरे पहाड़ों से लेकर उदयपुर की झीलों तक, मैसूर की शाही चमक से लेकर केरल के बैकवाटर्स तक, अंडमान के साफ समंदर से लेकर जीरो की शांति और हम्पी-मांडू के इतिहास तक, हर जगह की अपनी अलग कहानी है. अगर इस बार छुट्टी का प्लान बना रहे हैं तो सिर्फ फेमस टूरिस्ट स्पॉट की भीड़ में जाने के बजाय एक ऐसी जगह चुनिए जहां आप घूमने के साथ-साथ उसे महसूस भी कर सकें. आखिर अच्छी जर्नी वो नहीं जिसमें सिर्फ कैमरे की गैलरी भर जाए, बल्कि वो है जिसमें लौटने के बाद भी यादें लंबे समय तक साथ रहें.

विदेश नहीं, भारत में ही होगी ड्रीम वेडिंग! PM मोदी के Wed in India मंत्र को इन सेलिब्रिटी शादियों ने बनाया ट्रेंडिंग

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?